गंगा का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। सोमवार सुबह गंगा का जलस्तर 178.59 मीटर पहुंच गया। यहां वर्तमान में लगभग 223007 क्यूसेक पानी है। प्रशासन ने बाढ़ की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है। एसडीएम अतरौली को स्थलीय निरीक्षण कर व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। शाम को सांकरा इलाके के कुछ गांवों में गंगा का पानी घुसने लगा था।
अधिशासी अभियंता निचली गंग नहर नरौरा खंड, अलीगढ़ ने सोमवार को इस संबंध में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह को अपनी रिपोर्ट भेजी है। जिसमें उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह गंगा का जलस्तर 178.59 मीटर तक पहुंच गया है। वर्तमान में यहां 223007 क्यूसेक पानी है। पानी के स्तर की प्रवृत्ति अभी और बढ़ने की है। ऐसे में गंगा तट से लगने वाले गांवों में बाढ़ आने से जनहानि, फसल हानि अथवा किसी तरह की पशु हानि से इंकार नहीं किया जा सकता है। गंग नहर के अधिशासी अभियंता की इस रिपोर्ट के आते ही प्रशासन में भी हलचल शुरू हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अतरौली के एसडीएम और तहसीलदार सहित इलाका पुलिस को अलर्ट किया गया। वहां बाढ़ राहत चौकियों की स्थापना के लिए निर्देशित किया गया है।
सांकरा में गंगा का पानी गांव की ओर आने लगा है, जिससे वहां अफरातफरी है। अधिकारियों ने बाढ़ से प्रभावित होने की आशंका वाले गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को जल स्तर बढ़ने की सूचना दी और सावधानी बरतने की सलाह दी। यथासंभव लोगों को सुरक्षित और ऊंचाई वाले स्थानों में रहने की सलाह दी जा रही है। सांकरा के आसपास तकरीबन दो दर्जन गांवों पर बाढ़ का खतरा मडरा रहा है। अगर जल स्तर इसी तरह से बढ़ता गया तो जल्दी ही आस पास के गांव वालों को बाढ़ राहत चौकियों पर जाना पड़ेगा। यहां पर तैनात लेखपाल व अन्य राजस्व कर्मियों को सतर्क कर दिया है। सीओ सुदेश गुप्ता, एसडीएम पंकज कुमार के अलावा तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार सिंह ने राजस्व कर्मियों के साथ कई गांवों का दौरा लोगों को बाढ़ से बचकर रहने की सलाह दी और प्रशासनिक इंतजाम भी कराए।
बाढ़ की जद में ये गांव
सांकरा, दीनापुर, गनेशपुर गंग, हमीदपुर, रुस्मतनगर, नगला जोगिया, सीकरी, गहतोली, गंगा नगला अलिया, गोपालपुर, हारुनपुर, अहतमाली, नयावली, शकूरगंज, सांकरा, टोडरपुर, गैर अहतमाली, टोडरपुर अहतमाली, कितरतौली, हारुनपुर, नगला सीसई और अलीपुर।