कोरोना महामारी में घर-घर जाकर जनता की सेवा कर रहीं आशाएं मानदेय बढ़ाने के लिए सांसद सतीश गौतम के विद्यानगर स्थित कार्यालय पर पहुंचीं। सांसद ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री तक उनकी बात पहुंचाकर मदद करने का आश्वासन दिया है।
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों की करीब दो सौ आशा कार्यकर्ता शुक्रवार को सांसद के कार्यालय पहुंचीं। आशा लोक कल्याण मंच की उपाध्यक्ष सविता सिंह का कहना है कि महामारी के समय में अपनी एवं बच्चों सहित पूरे परिवार की जान की परवाह किए बिना आशा जनता की सेवा कर रही है। 14 साल से कठिन परिस्थितियों में काम कर रही आशाओं का मानदेय आज तक सरकार द्वारा तय नहीं किया गया है। आशाओं ने 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय तय करने की मांग की। सांसद ने आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से बात करेंगे।
इस अवसर पर सविता सिंह, मिथलेश शर्मा, रजनी शर्मा, शायमा रानी, अनिता, फरजाना, प्रेमलता, लक्ष्मी, पूनम, दुर्गा, ममता शर्मा, उषा सक्सेना, पूजा उपाध्याय, रजनीकांत शर्मा, प्रीति देवी, विमलेश, हिना देवी, वीणा, मीना, सीमा,रंजना, अंजू कुमारी आदि मौजूद थी। उल्लेखनीय है कि जनपद में करीब 2800 आशाएं है। काम के आधार पर ढाई से पांच हजार रुपये प्रतिमाह आमदनी होती है।