विदेश एवं अन्य कोविड प्रभावित क्षेत्रों से लौटने के बाद खांसी, गले में खराश और सांस लेने में कठिनाई की शिकायत वाले शिक्षकों और छात्रों को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) प्रशासन ने सलाह दी है कि इन लक्षणों की स्थिति में वह तत्काल जेएन मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर में मौजूद सीएमओ से संपर्क करें।
इसके अलावा विदेशी एवं शोधार्थी, जो अपने मूल देशों से लौट रहे हैं, उन्हें भी ऐसा करने की सलाह दी गई है। जेएन मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल और सीएमएस प्रोफेसर शाहिद सिद्दीकी ने पिछले दो महीनों में विदेश से लौटने के बाद कोविड के लक्षण पाये जाने वाले शिक्षकों एवं छात्रों से आग्रह किया है कि वह बिना किसी विलंब के ट्रामा सेंटर में ड्यूटी पर मौजूद सीएमओ के पास पहुंचे। कुछ दिन पहले विश्वविद्यालय के तीन छात्र संक्रमण की चपेट में आ गए थे जिसके बाद उन्हें आइसोलेशन में भर्ती किया गया था।
मास्क को लेकर परिसर में सख्ती
विश्वविद्यालय परिसर में संक्रमण रोकने के लिए नियंत्रण के उपाय अपनाने के लिए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए गए हैं। इसके तहत विश्वविद्यालय परिसर में अब कोई भी व्यक्ति बिना मास्क लगाए प्रवेश नहीं कर सकता। साथ ही परिसर में मौजूद रहने के समय भी मास्क लगाना अनिवार्य है। निगरानी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परिसर में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। जहां भी अगर कोई व्यक्ति बिना मास्क के दिखाई देता है तो परिसर में गश्त कर रही प्रॉक्टर कार्यालय की टीम मौके पर पहुंचकर मास्क पहनवाना सुनिश्चित करती है।