कोरोना टीका की आपूर्ति में देरी से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की सांसे अटकी हुई हैं। शुक्रवार को टीकाकरण के बाद स्वास्थ्य विभाग के पास कोविशील्ड एवं कोवाक्सिन के करीब नौ हजार डोज उपलब्ध हैं। देर रात लखनऊ से शनिवार शाम तक टीका उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
बृहस्पतिवार को कोरोना टीकाकरण के बाद स्वास्थ्य विभाग के पास कोविशील्ड के 8300 और कोवाक्सिन का 5360 डोज शेष रह गए थे। कुल 13660 डोज में से शुक्रवार को 3395 डोज और लगाए गए। अब विभाग के पास करीब 9265 डोज टीका उपलब्ध हैं। महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में टीके की कमी होेने के बाद यहां के अधिकारियों की सांसें अटकी हैं। टीकाकरण बंद होने पर स्वास्थ्य केंद्रों पर हंगामा की आशंका है। देर रात एडी हेल्थ डॉ. एसके उपाध्याय ने बताया कि शनिवार को शाम पांच बजे तक टीका मिल जाएगा। लखनऊ में अधिकारियों से उनकी बात हो गई है।
दूसरी डोज को प्राथमिकता
अलीगढ़। टीका की कमी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का जोर दूसरी डोज पर है। शुक्रवार को 26 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। 5668 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से 3395 लोग टीका लगवाने पहुंचे। सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि हमारी प्राथमिकता दूसरी डोज पर है। शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, मलखान सिंह जिला अस्पताल, मोहनलाल गौतम महिला चिकित्सालय एवं जेएन मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त सभी सीएचसी पर टीकाकरण किया जाएगा।