होली पर घर जाने वालों का सिलसिला रविवार देर रात तक जारी रहा। देर रात तक करीब 1.40 लाख लोगों ने रोडवेज बसों के जरिये विभिन्न शहरों के लिए यात्रा की। वहीं, ट्रेनों में भी जबरदस्त भीड़ रही। रोडवेज बसों की सवारियों को रूट डायवर्जन के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा। बसों को मुख्य मार्ग के बजाय बाईपास होते हुए रवाना किया गया।
शहर के गांधी पार्क, सारसौल, मसूदाबाद, अतरौली, खैर बस अड्डे से देर रात तक यात्रियों ने बरेली, मेरठ, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, लखनऊ के मार्ग पर जाने वाली बसों में सफर किया। त्योहार पर करीब 1.40 लाख यात्रियों ने यात्रा की। देर रात तक दिल्ली, नोएडा, आगरा, गाजियाबाद, बरेली की ओर से भी भारी संख्या में यात्री अलीगढ़ में आए। रोडवेज बस अड्डे यात्रियों की भीड़ से खचाखच भर गए। इधर, रेलवे स्टेशन पर भी ईएमयू पैसेंजर ट्रेनों सहित अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ रही। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक परवेज खान ने बताया कि यात्रियों की भारी भीड़ रविवार सुबह से ही रही। हर मार्ग के लिए अतिक्ति बसों का इंतजाम किया गया था। किसी भी मार्ग पर यात्रियों को असुविधा नहीं होने दी गई।