क्वार्सी थाने का औचक निरीक्षण कर रजिस्टर चेक करते एसएसपी कलानिधि नैथानी ।
- फोटो : CITY OFFICE
नवागत एसएसपी कलानिधि नैथानी ने जिले के कोतवालों से स्पष्ट कहा कि थाने में विवेचना निस्तारण में बहुत तेजी लाएं। प्रत्येक थाने में विवेचना इस गति से निस्तारित कराई जाएं कि सिर्फ 3 फीसदी ही लंबित हों। तभी माना जाएगा कि काम हो रहा है। यह उनकी सबसे पहली प्राथमिकता रही। इसके अलावा उन्होंने परिचय व क्षेत्रवार समस्याओं पर चर्चा करते हुए अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने शनिवार को चार्ज ग्रहण करने के बाद देर रात कोतवालों संग बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर हाल में वांछित अपराधी खुला न घूमे, पंचायत चुनाव में किसी भी स्तर पर पक्षपात की शिकायत न आए, वे अपने स्तर से दरोगाओं को समझाएं और काम कराएं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि थानों में विवेचना निस्तारण, मुकदमा लिखने के काम में तेजी लाई जाए। इस बात की चिंता न की जाए कि अपराध का ग्राफ बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर थानों में सिर्फ तीन फीसदी विवेचनाएं ही लंबित रहें। इस मौके पर उन्होंने थानों से लेकर सड़क पर पुलिस के अनुशासन पर भी जोर दिया। इस मौके पर एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी देहात शुभम पटेल सहित सभी सीओ व कोतवाल मौजूद रहे।
क्वार्सी थाने में माल निस्तारण के निर्देश
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने रविवार सुबह क्वार्सी थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, कार्यालय, कामकाज, रिकार्ड आदि देखने के बाद उन्होंने यहां लंबित माल के निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर इंस्पेक्टर छोटेलाल आदि मौजूद रहे।