होली पर अगर आपके घर, गली, मोहल्ले, गांव में कोई ऐसा व्यक्ति आया है जो विदेश या फिर अन्य जिले/राज्य में रहता है। त्योहार पर अपनों के बीच खुशियां मनाने आया है तो उसके विषय में जिला प्रशासन को जानकारी अवश्य दें। प्रशासन उसकी कोविड जांच कराएगा। यह व्यवस्था त्योहार पर किसी भी प्रकार की खलल न पड़े, इसलिए की गई है। सूचना देने के लिए कोरोना कंट्रोल रूम के नंबर 0571-2420100, 0571-2420101 पर फोन कर सकते हैं।
मंगलवार को डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में कोविड की समीक्षा की। बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि पड़ोसी जनपदों एवं राज्यों में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए समस्त बार्डर, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर कोविड-19 की जांच के लिए पर्याप्त टीमों को तैनात किया जाए। बॉर्डर पर उपजिलाधिकारी गभाना, खैर, इगलास मॉनीटरिंग करें। वहीं, कोविड-19 के टीकाकरण का प्रतिदिन लक्ष्य 10000 व्यक्तियों से ऊपर का रखे जाने के निर्देश दिए।