तनाव किसी के लिए भी हानिकारक है। चाहे उनका व्यवसाय कुछ भी हो। तनाव न केवल काम को प्रभावित करता है बल्कि स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। ये बातें अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित ‘तनाव प्रबंधन‘ पर आनलाइन कार्यशाला के दौरान सह कुलपति प्रोफेसर जहीरुद्दीन ने कहीं।
प्रोफेसर मोहम्मद जहीरुद्दीन आरिफ ने कहा कि तनाव प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करना वर्तमान समय के दौड़ भाग भरे जीवन के लिए अपरिहार्य है। यही कारण है कि पेशेवर संस्थाएं इस क्षेत्र में लोगों को सहायता प्रदान करती हैं। उन्होंने तनाव कम करने के कुछ तरीकों का भी उल्लेख किया। मनोविज्ञान विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर रोमाना एन सिद्दीकी ने कहा कि महामारी के समय में इस प्रकार की कार्यशाला का आयोजन वर्तमान की आवश्यकता है। कार्यक्रम में गजाला जैदी टोरंटो, कनाडा और डा. सालेहा परवीन ने अलग-अलग सत्रों में तनाव के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर नवाब अली खान ने कार्यशाला की उपयोगिता के बारे में बताया।