आगरा रोड पर शादी समारोह में मंगलवार को नेग मांगने पहुंचे किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे, लात घूंसे चले। दोनों पक्षों से 6 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान तमाशबीनों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इस मामले में किसी पक्ष ने अभी तक तहरीर नहीं दी है।
बन्ना देवी के मोहल्ला नई बस्ती में रहने वाली किन्नर रिंकी ने बताया कि आगरा रोड पर मैरिज होम में शादी समारोह चल रहा था। उसका इलाका सासनी गेट से लेकर मथुरा रोड हाईवे तक बंटा हुआ है। वह 25 वर्षों से यहीं से अपनी आजीविका चला रही है। शादी की सूचना पर वह अपने साथी किन्नरों के साथ नेग मांगने के लिए पहुंची। इस दौरान वहां पर किन्नरों का दूसरा गुट आ गया और इलाके पर अपना अधिकार होने का दावा करने लगा। उसको समझाने का प्रयास किया गया लेकिन वह लोग गाली गलौज और हाथापाई पर उतर आए। दोनों पक्षों में इसी बात पर लात घूंसे चलने लगे। लाठी-डंडे निकल आए। इस मारपीट में दोनों तरफ से छह लोग घायल हो गए। सासनी गेट पुलिस ने बताया कि किन्नरों के दो गुटों में नेग को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में एक पक्ष से रिंकी, आशू, दूसरे पक्ष से करिश्मा, मोना, शब्बू समेत छह लोग घायल हुए हैं, जिनका डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। इस मामले में किसी पक्ष ने अभी तक तहरीर नहीं दी है।
घायल किन्नर।- फोटो : CITY OFFICE