नवजात की मौत होने पर आगरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजन चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। परिजन अगर चाहेंगे तो शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
चैन नगरीय गांव निवासी सुमित की पत्नी को 13 जनवरी को एक निजी अस्पताल में पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। तबियत खराब होने पर नवजात को आगरा रोड स्थित दूसरे निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को नवजात की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
सूचना के बाद मौके पर सासनीगेट थाने की पुलिस पहुंच गई। इंस्पेक्टर का कहना है कि इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई। अगर परिजन चाहेंगे तो नवजात के शव का पोस्ट मार्टम कराया जाएगा। तहरीर को सीएमओ के पास भेजा जाएगा। अस्पताल के मैनेजर का कहना है कि नवजात का जन्म समय से पूर्व हुआ था। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया और बचाने की पूरी कोशिश की गई। कुछ लोग ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहे हैं।