दलाली व भ्रष्टाचार के लिए बदनाम संभागीय परिवहन कार्यालय में अब लोगों को कैश भुगतान के बजाय ऑनलाइन भुगतान की सुविधा मिलेगा। अपर परिवहन आयुक्त ने सभी कैश काउंटर व प्रवर्तन टीम को स्वाइप मशीन उपलब्ध कराने का आदेश जारी किया है। भारतीय स्टेट बैंक के साथ स्वाइप मशीन लेने का करार हुआ है। अधिकारी इस योजना को प्रभावी कर भ्रष्टाचार और दलाली पर लगाम लगाने का दावा कर रहे हैं।
संभागीय परिवहन कार्यालय में अभी तक गाड़ी मालिकों को कोई भी टैक्स या फीस व जुर्माना भरने के लिए नकद राशि का भुगतान करना पड़ता है। इस व्यवस्था के चलते कई बार बाबुओं द्वारा गाड़ी मालिकों से काम के बदले रिश्वत लेने का भी खेल सामने आ चुका है। पिछले दिनों रोशन आरा नाम की एक महिला बाबू का रिश्वत लेते वीडियो भी वायरल हुआ था। इसको लेकर शासन स्तर से विभाग की छवि को सुधारने के तहत यह काम किया जा रहा है। आरटीओ प्रशासन केडी सिंह के मुताबिक इस व्यवस्था को लेकर जनता को जागरूक करने और व्यवस्था को प्रभावी बनाने का फरमान शासन की ओर से मिला है। एसबीआई से स्वाइप मशीनों के संबंध में जल्द पत्राचार किया जाएगा। प्रवर्तन टीम को भी अब जुर्माना राशि मौके पर नकद में लेने के बजाय स्वाइप मशीन के जरिये ऑनलाइन लेनी होगी।