महानगर के क्वार्सी थाना क्षेत्र की जीवनगढ़ गली-15 में बृहस्पतिवार को एक महिला की मौत हो गई। इस मामले में ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। साथ में पति को हिरासत में भी ले लिया है।
पप्पू खान निवासी हुसैपुर, गंगीरी ने बताया कि डेढ़ वर्ष पहले बेटी फरहा का निकाह जीवनगढ़ गली-15 निवासी दानिश पुत्र जमील उर्फ छोटे के साथ किया था। निकाह के बाद दानिश पर उसके परिवार वाले दहेज में दो लाख रुपये व बाइक की मांग करने लगे। बेटी के साथ मारपीट करके उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। फरहा तीन माह पहले ही मां बनी थी।
पिता पप्पू खान का आरोप है कि बेटी फराह को तीन माह के उसके बच्चे के साथ 15 दिन पहले दानिश व उसके परिवार वालों ने मारपीट करके घर से निकाल दिया था। जैसे-तैसे समझौता होने पर दानिश बेटी को वापस लेकर गया। आरोप है कि बृहस्पतिवार को उन्होंने बेटी के साथ मारपीट की और जहर देकर उसकी हत्या कर दी। क्वार्सी थाना इंस्पेक्टर छोटेलाल के मुताबिक मृतका फरहा के पिता पप्पू की तहरीर पर पति दानिश, सास भूरी, देवर समीर, सुबाल, नासिर सहित पांच पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पति हिरासत में है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है।