रेलवे के माल गोदाम यानी सीडी साइडिंग की दशा दो करोड़ रुपये से सुधरेगी। एनसीआर डिवीजन की ओर से बजट जारी कर टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए जल्द काम शुरू कराने का आदेश दिया है। माल गोदाम की दशा सुधारने को लेकर लंबे समय से अधिकारी प्रयास में लगे थे। दरअसल, यहां जलभराव और खराब सड़क की दिक्कत के कारण व्यापारियों को माल लाने व ले जाने में काफी दिक्कतें होती हैं।
स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम के मुताबिक इंजीनियरिंग विभाग की ओर से माल गोदाम में सुधार कार्य कराए जाने हैं। पिछले दिनों प्रस्तावित कामों को लेकर लिस्ट बनाकर भेजी थी, जिसके आधार पर एनसीआर की ओर से मंजूरी मिल गई है। सुधार कार्यों के तहत टूटी सड़क का निर्माण, लाइटिंग, लोडिंग-अनलोडिंग सरफेस, सर्कुलेटिंग एरिया में सुधार, बाथरूम, टॉयलेट की व्यवस्था, जल निकासी के इंतजाम आदि काम होने हैं। बारिश के दिनों में मालगाड़ियों को लोड-अनलोड कराने में काफी परेशानी होती है। जलभराव के कारण कीचड़ में गाड़ियां फंस जाती हैं। अब बजट मंजूर होने से इन समस्याओं से व्यापारियों और रेलवे के अधिकारियों को नहीं जूझना पड़ेगा।