थाना बन्नादेवी पर घेराव और प्रदर्शन करते भाजपाई
- फोटो : CITY OFFICE
गत 19 जून को नगला कलार क्षेत्र की रहने वाली बीएड की छात्रा को दूसरे समुदाय का युवक भगा ले गया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने भाजपाइयों के साथ बन्ना देवी थाने का घेराव कर लिया। भाजपा नेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। युवती की मां का आरोप है कि युवक ने पूरे परिवार को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया था। घर में रखे 5 लाख रुपये और 3 लाख रुपये के जेवर समेत बेटी को ले गया था।
मंगलवार को भाजपा नेता संजू बजाज के नेतृत्व में पीड़ित परिवार और भाजपाई थाना बन्नादेवी पहुंचे। संजू बजाज ने बताया कि पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि जांच अधिकारी ने आरोपी पक्ष के साथ साठगांठ कर ली है। उनकी भूमिका की जांच होनी चाहिए। कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के बिना ही पुलिस ने युवती के धारा 164 के तहत बयान कर दिए, जो कानूनन अनुचित है। वहीं, युवती की मां ने आरोप लगाया कि वह दो बार पुलिस के बड़े अधिकारियों से मिल चुकी है लेकिन पुलिस के बड़े अधिकारी ने उनका प्रार्थनापत्र फाड़ कर फेंक दिया था।
इस दौरान थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द से जल्द की जाएगी। तभी किसी ने बता दिया कि बरामद लड़की की आरोपी लड़के से फोन पर थाने में ही बात कराई जा रही है, तो फिर मामले ने तूल पकड़ लिया। भाजपा कार्यकर्ता पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्न उठाने लगे कि कहीं न कहीं साठगांठ है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष सुभानु, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, हिन्दू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, जिला मंत्री तरुण उपाध्याय, जुबिन वार्ष्णेय, विजय उपाध्याय रवि कुमार, सनी कुमार, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
भाजपा महानगर मंत्री संजू बजाज ने बताया कि पुलिस द्वारा हीलाहवाली संज्ञान में आई है। जिसे लेकर थाने गए थे। पीड़ित परिवार की मांग के अनुसार नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज करने की बात हुई है। इस मामले की गहनता से जांच होनी चाहिये।