महीनों से बंद स्पोर्ट्स स्टेडियम को खुलवाए जाने की मांग को लेकर गांधीपार्क में खेल संघ, पूर्व सैनिकों ने गांधीजी की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर अधिकारियों से गुहार लगाई।
बृहस्पतिवार को निवेदन कार्यक्रम में जिला ओलंपिक एसोसिएशन के संरक्षक शिक्षाविद् डॉ.. रक्षपाल सिंह , वेटरंस इंडिया के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर अजय सिंह, शालिनी चौहान, राजीव चौहान, एथलीट हीरा सिंह, मोहम्मद अली, प्रेम सिंह लोधी, भगत सिंह बाबा, गंगे पहलवान, वसीम बेग, सुधीश कुमार, ऋषि पहलवान, अरुण पहलवान, मुजाहिद असलम, हरिओम पहलवान, प्रेम शंकर गुप्ता सहित कबड्डी के अजय कुमार, विश्वजीत, अभय, अभिषेक, माधव, सचिन, वीरू आदि ने स्टेडियम न खोले जाने पर सांकेतिक विरोध जताया।
डॉ. रक्षपाल सिंह ने कहा कि जिले के खिलाड़ी जिस अनुशासित ढंग से स्टेडियम खोलने की जायज मांग कर रहे हैं, वह अपने आप में अनुशासन की एक बड़ी मिसाल है। यूपी ओलंपिक संघ के सह संयुक्त सचिव मजहर उल कमर ने कहा कि कोरोना महामारी में प्रतिष्ठान, यातायात ,शराब की दुकान, होटल आदि खोले जा रहे हैं तो स्टेडियम को क्यों बंद रखा गया है, यह समझ से परे है, जबकि पड़ोसी जिला बुलंदशहर, बागपत, मुरादाबाद, मेरठ आदि स्थानों के स्टेडियम सुबह शाम अभ्यास के लिए खोले जा रहे हैं।