महानगर के छर्रा अड्डा पुल के नीचे से गुजरती भुवनेश्वर राजधानी ट्रेन पर पत्थर मारकर ट्रेन के शीशे को तोड़ने के आरोपी को 14 दिन की जेल की सजा हुई है। आरपीएफ ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर के मुताबिक 15 अगस्त को दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी ट्रेन अलीगढ़ जंक्शन को शाम 6:30 बजे क्रास करके छर्रा अड्डा पुल के नीचे पहुंची ही थी कि एक युवक ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। जिससे ट्रेन की एक बोगी का शीशा टूट गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। सूचना पर आरपीएफ की टीम पहुंची।
पत्थर फेंकने वाले की तलाश की। मगर, सुराग नहीं लगा। 16 अगस्त को एक मुखबिर से आरोपी का सुराग लगा। छर्रा अड्डा पुल के पास से ही उसे दबोच लिया गया। आरोपी की पहचान अजय पुत्र सत्यपाल सिंह निवासी जलाली, हरदुआगंज के तौर पर हुई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रेलवे मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने 14 दिन जेल की सजा सुनाई है। आरोपी को जेल में भेज दिया है।