गांधीपार्क थाना क्षेत्र के गांव सिंधौली स्थित एक सराफ की दुकान से शुक्रवार को दिनदहाड़े एक दंपती कीमती जेवर ले गए। दंपती के जाने के बाद जब चोरी की जानकारी हुई तो देखने पर यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद पाई गई।
सिंधौली मोड़ पर अमित सोनी की सराफ की दुकान है। वाकया शुक्रवार शाम का है। दुकान पर उनके पिता मंगलसैन सोनी मौजूद थे। तभी एक दंपती मास्क लगाकर आए और जेवर खरीदने के बहाने एक जोड़ी सोने के कुंडल व दो चांदी की पायजेब चोरी कर लीं। इसके बाद वे बिना कुछ लिए चले गए। उनके जाने के बाद सामान कम देख दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो घटना कैद पाई गई। अमित के अनुसार करीब 25 हजार कीमत का माल चोरी हुआ है। इस मामले में तहरीर दे दी गई है। इंस्पेक्टर गांधीपार्क मणिकांत शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से चोरों की तलाशा की जा रही है।