अशोक सिंघल के घर से अयोध्या मिट्टी ले जाते विहिप कार्यकर्ता
- फोटो : ATHROLI
विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं राममंदिर आंदोलन के नायक अशोक सिंघल एवं अयोध्या में पुलिस की गोली के शिकार भगवान सिंह के आंगन की मिट्टी को भी भूमि पूजन में शामिल किया जाएगा।
विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष शेखर शर्मा ने बताया कि देश के प्रत्येक जिले से प्रमुख धर्म स्थलों की रज एवं नदियों का जल भूमि पूजन के लिए अयोध्या भेजा जा रहा है। अलीगढ़ से अशोक सिंघल के बिजौली एवं भगवान सिंह के नगला बलराम के आंगन की मिट्टी के साथ अचलताल मंदिर, खेरेश्वर मंदिर, मंगलायतन एवं गुरुद्वारा देहलीगेट की मिट्टी तथा सांकरा से लिया गया गंगाजल वाया दिल्ली अयोध्या भेजा जा रहा है।
श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए शुक्रवार को मिट्टी एवं जल को विहिप कार्यालय में सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक रखा जाएगा। बजरंग दल के महानगर संयोजक गौरव शर्मा ने बताया कि रज एवं जल लेकर सिद्धार्थ मोहन अग्रवाल दिल्ली जाएंगे। वहां से अयोध्या भेजा जाएगा।