कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों की सैंपलिंग में रुचि नहीं लेने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने टप्पल के सीएचसी प्रभारी को नोटिस देने का निर्देश दिया है।
कोविड-19 रोकथाम के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में सोमवार को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अलीगढ़ मंडल डॉ. वीके सिंह तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी सिंह ने अधिकारियों को दिए। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
सीएमओ ने एल-1 एवं एल -2 कोविड चिकित्सालयों में पुरुष एवं महिला वार्ड अलग-अलग बनाने के निर्देश दिए। महिला वार्ड के टायलेट में सैनेटरी पैड के निस्तारण के लिए पीली बकेट रखने को निर्देशित किया। एडी हेल्थ ने नोडल अधिकारियों को परिवार कल्याण कार्यक्रमों पर फोकस करने को निर्देशित किया। वित्त एवं लेखाधिकारी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में स्थापित कोविड चिकित्सालय हेतु एसी एवं अन्य उपकरणों की व्यवस्था के लिए पांच लाख रुपये की धनराशि हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया। एल-1 एवं एल-2 चिकित्सालयों में एलोकेट होने वाले मरीजों का एक एलोकेशन रजिस्टर रखने को कहा गया, जिससे यह ज्ञात हो सके कि कौन सा मरीज किस चिकित्सालय में भेजा जा रहा है। सीएमओ ने एमटीएस प्रभारी गिरीश पुरोहित को निर्देश दिया कि प्रतिदिन सांय 5 बजे से पहले 2 एंबुलेंस जेएन मेडिकल कॉलेज पर उपलब्ध रहनी चाहिए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।