इगलास थाना क्षेत्र के एक बालक ने लॉक डाउन में अजीबोगरीब कारनामा कर दिया। क्रिकेट खेलने को लेकर डांट पड़ने पर 13 वर्षीय बालक घर से निकल गया। पैदल-पैदल एटा पहुंच गया। इस बीच उसने फोन कर परिवार को भी छकाया। एटा बस स्टैंड पर मंगलवार को बालक को घूमता देख बस स्टैंड पर तैनात एक कर्मचारी ने बालक से पूछताछ कर थाना इगलास पुलिस को सूचना दी। पुलिस शाम को बालक को सकुशल वापस लेकर लौटी।
इंगलास इंस्पेक्टर रामसिया मौर्या ने बताया कि बालक के चाचा ने सोमवार को गुमशुदगी की तहरीर दर्ज कराई थी। पुलिस ने बालक के संबंध में पूछताछ की तो पता लगा कि वह परिवारीजनों की डांट से नाराज होकर रविवार को घर से निकला था। इसके बाद उसने अलीगढ़ पहुंच खुद ही परिवार को जानकारी दी। परिवार वाले अलीगढ़ पहुंचे तब तक बालक वहां से चला गया। मंगलवार को उसे एटा बस अड्डे पर घूमता देख वहां से स्टाफ ने पूछताछ की तो उन्हें बालक ने इगलास निवासी बताया। इस पर थाना पुलिस को फोन पर मिली जानकारी के आधार पर बालक की पुष्टि की। साथ ही थाने से एक टीम को रवाना किया गया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत शाम को बालक को लेकर सकुशल लौटने के बाद उसे परिवार के हवाले किया गया।