नई बस्ती में छापा मारती खाद्य विभाग की टीम।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के बन्नादेवी थाना क्षेत्र की नई बस्ती, गुरुद्वारा रोड स्थित एक घर पर छापामारी कर एफडीएम की टीम ने 24.59 लाख रुपये का गुटखा पकड़ा। पूरे माल को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है। गुटखा फैक्टरी संचालक बिना लाइसेंस के अवैध रूप से इस कारोबार को अंजाम दे रहा था। एफडीए ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार मिश्रा के मुताबिक नई बस्ती के गुरुद्वारा रोड स्थित चावला सुगंधी भंडार पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अक्षय प्रधान ने मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना पुलिस और एसीएम द्वितीय के साथ छापामारी की। चावला सुगंधी भंडार की संचालक हिना चावला अपने घर से इस पूरे अवैध कारोबार को अंजाम देती पाई गईं। आरोपी के गोदाम से 267 कार्टून पान मसाला और 60 कार्टून जर्दा पकड़ा गया है। इस माल का कीमत फिलहाल 24,59,550 रुपये निकलकर आई है। माल को सीज कर दिया गया है। इसके साथ ही सैंपल भी भरा गया है। सैंपल को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।