कोरोना पॉजिटिव मिलने पर उस्मान पाड़ा जाने के रास्ते को किया गया बंद।
- फोटो : CITY OFFICE
जेएन मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर और उस्मानपाड़ा के व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। दो नए मरीजों के आने से जनपद में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है, जिसमें से एक की मौत हो चुकी है।
जेएन मेडिकल कॉलेज की सर्जरी विभाग की महिला रेजीडेंट डॉक्टर कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। इसकी पुष्टि होने के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज ही नहीं बल्कि जनपद में खलबली मच गई है। महिला चिकित्सक धौर्रा माफी क्षेत्र में रहती है। दूसरा 43 वर्षीय मरीज हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित उस्मानपाड़ा में मिला है। इस क्षेत्र से अब तक पांच मरीज सामने आ चुके हैं, जिसमें से एक की मौत हो चुकी है। मृतक के पुत्र व पुत्री के अतिरिक्त एक पड़ोसी भी संक्रमित पाए गए हैं। उस्मानपाड़ा में पांचवां मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी और अधिक चौकन्ना हो गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि सभी हॉटस्पॉट एरिया में पूरी सतर्कता बरती जा रही है और अधिक से अधिक लोगों का नमूना लिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जनपद में कोरोना वायरस का पहला मामला नौ अप्रैल को सामने आया था। कोतवाली थाना क्षेत्र के गोविंदनगर के फैज मस्जिद में फिरोजाबाद का जमाती युवक संक्रमित पाया गया था। वर्तमान में वह हरदुआगंज स्थित लेवल वन अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। इसके अतिरिक्त एक मरीज अलहदादपुर नींवरी का है।