शहर के 30 लोगों पर बिजली विभाग का 90 लाख रुपये बकाया है। बड़े बकायेदारों की सूची में दी अलीगढ़ बार एसोसिएशन शीर्ष पर है। इसकी वसूली के लिए बिजली विभाग के अधिकारी पसीने बहा रहे हैं।
विद्युत नगरीय वितरण मंडल के अंतर्गत सैकड़ों लोग बिजली विभाग का करोड़ों रुपये का बकाया दबा कर बैठे हैं। इसकी वजह से विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी दूसरे काम छोड़कर वसूली में लगे हैं। शहर के 30 बड़े बकायेदारों पर ही करीब 90 लाख रुपये का बकाया है। विद्युत नगरीय वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता एसके जैन ने बताया कि दी अलीगढ़ बार एसोसिएशन पर 2161596.70 रुपये बकाया है। कलवारी भुजपुरा की रूखसार पर 574673.94 रुपये, शाहजमाल के खुशिद बेगम पर 547044.45 रुपये, रिजवी अपार्टमेंट के रजिया खान पर 314448.26 रुपये, मेलरोज बाईपास के वीरेंद्र सिंह पर 286461.15 रुपये, मामूद नगर की कमर जहां पर 272802.34 रुपये, रोरावर के मो. इजाज अंसारी पर 266194.75 रुपये, नई बस्ती के गगनदास एनआर सीमा टॉकीज अशोक कुमार पर 256867.49 रुपये, सराय मिया के मो. फुरकान पर 252777.88 रुपये और इब्राहिम ईदगाह रोड शाहजमाल के मो. इस्लाम पर 247142.63 रुपये बकाया हैं। अधीक्षण अभियंता का कहना है कि बकाया धनराशि की वसूली के लिए लगातार प्रयास चल रहे हैं और नियमानुसार कार्रवाई हो रही है।
लोग कटिया डालकर बिजली चोरी करते हैं। लेकिन उसका बिल दी अलीगढ़ बार एसोसिएशन के कनेक्शन में जोड़ दिया जाता है। बिजली विभाग के अधिकारी शिकायत करने पर सुनवाई नहीं करते और हमें ही दोषी ठहरा देते हैं। अभी 12 लाख रुपये जमा किए हैं। अब अगर हमारी सुनवाई न हुई तो इस मामले को अदालत में लेकर जाएंगे। - गणेश शर्मा, अध्यक्ष दी अलीगढ़ बार एसोसिएशन