धनीपुर मंडी में दुकानों में हुई चोरी की जानकारी पुलिस को देते आढ़ती।
- फोटो : CITY OFFICE
गांधीपार्क थाना क्षेत्र में बदमाशों की सक्रियता थम नहीं रही। बृहस्पतिवार रात चोरों ने धनीपुर मंडी में भाजपा के छर्रा विधायक के भाई की बीज की दुकान सहित चार दुकानों को निशाना बना लिया। दो दुकानों से कीमती माल ले गए, जबकि दो दुकानों के ताले ही तोड़ने में सफल रहे। सुबह आढ़तियों को जब चोरी की जानकारी हुई तो उनमें सुरक्षा इंतजामों को लेकर खासी नाराजगी दिखाई दी। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत किया।
धनीपुर मंडी में छर्रा के भाजपा विधायक रवेंद्रपाल सिंह के छोटे भाई जितेंद्रपाल सिंह निवासी कयामपुर की किसान बीज भंडार के नाम से दुकान है। उनके बगल में ही सी-12 में ज्ञान सरोवर निवासी जयकिशन की गगन ट्रेडिंग कंपनी के नाम से आढ़त है। सी-13 में टीकाराम कालोनी निवासी वीरेंद्र सिंह की माधव ट्रेडर्स के नाम से आढ़त है। सी-15 में ज्ञान सरोवर निवासी रनवीर सिंह की आढ़त है। सुबह जितेंद्रपाल सिंह की दुकान के नौकर सतीश ने वहां पहुंचकर देखा कि दुकान में अंदर सामान बिखरा पड़ा है और टिनशेड काटकर कोई दुकान में घुसा है। काफी माल भी गायब था। सूचना पर वहां दुकान स्वामी के अलावा तमाम आढ़ती व पुलिस भी पहुंच गई। जांच में पाया कि उनकी दुकान से करीब एक लाख का माल गायब है। इसके बाद पता चला कि सी-12 से ताले तोड़कर करीब 12 हजार रुपये नकद चोरी किए हैं, जबकि सी-13 व सी-15 में ताले तोड़े गए हैं। दुकानदारों में नाराजगी पैदा हो गई। मगर पुलिस के समझाने व भरोसा दिए जाने पर लोग शांत हुए। सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव के अनुसार मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और चोरों को जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
गांधीपार्क क्षेत्र में धनीपुर मंडी के सामने पिछले माह हुई फाइनेंस कंपनी दफ्तर में घुसकर लूट 11.30 लाख की लूट व कैशियर को गोली मारने की घटना के मास्टर माइंड ने शुक्रवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव के अनुसार नगला छज्जू खैर निवासी गोपाल लंबे समय से इस फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। वह इस दौरान इसी दफ्तर वाली बिल्डिंग के बाहरी हिस्से में एक कमरे में किराये पर भी रहता था। कुछ माह पहले उसने फाइनेंस कंपनी से नौकरी छोड़ दी थी और सारसौल में दूसरी जगह नौकरी शुरू कर दी थी। मगर रहने का ठिकाना नहीं बदला था। जांच में यह बात सामने आई थी कि वह पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद पकड़े गए गैंग के मुख्य सरगना देवेंद्र उर्फ देवू का दोस्त है। उसी ने देवू को यहां रकम होने से लेकर अन्य तरह की जानकारी दी थी और खुद तीन दिन की रकम होने की रैकी कर घटना के लिए गैंग को बुलाया था। घटना के समय यह मौके पर भी था। यह तथ्य सामने आने के बाद से ही पुलिस उसे तलाश रही थी। शुक्रवार को उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
गांधीपार्क क्षेत्र में पिछले माह लगातार हुईं पेट्रोल पंपों से जुड़े लूटकांड के मुख्य सरगना बबलू भरतरी को पुलिस ने शुक्रवार को रिमांड पर लिया है। इससे लूटी गई रकम में से 4500 रुपये, एक स्कूटी बरामद की है। सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि बबलू उर्फ विजयपाल निवासी भरतरी गभाना लूटकांड में पुलिस के पीछे लगने पर खुर्जा के एक मुकदमे में सरेंडर कर जेल चला गया था। तभी से पुलिस उसे रिमांड पर लेने का प्रयास कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने उसकी दो बहनों, एक भाभी व मां को जेल भेज दिया था। इन लोगों पर लूटी गई रकम का प्रयोग करने और बदमाशों का शरण देने का आरोप लगा था। पिछले दिनों पुलिस ने बी वारंट पर उसे खुर्जा से यहां तलब कराया था। इसके बाद उसे रिमांड पर लिया और पूछताछ में बोनेर तिराहे से लूट में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की और रकम बरामद कराई।