न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
बगैर सूचना दिए नौरंगाबाद इलाके में अतिक्रमण हटाने नगर निगम की टीम पहुंच गई। इस दौरान टीम को विरोध का सामना करना पड़ा।
इलाके के दुकानदारों का कहना था कि बिना सूचना दिए नगर निगम टीम अतिक्रमण हटाने आ गई। ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने इसका विरोध किया, लेकिन टीम ने उनकी एक बात भी नहीं मानी। टीम ने बाहर रखे काउंटर को दुकान में रखा दिया।
मंगलवार को साप्ताहिक बंदी होने पर दुकानदार अपनी दुकानें खोलना चाह रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने दुकान खोलने से मना कर दिया। सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद ने कहा कि अगर दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो जुर्माना लगा दिया जाएगा।
जनसुनवाई में आईं पांच शिकायतें
नगर निगम के सेवाभवन में नगर आयुक्त अमित आसेरी ने संभव संतुष्टि एवं समृद्धि के तहत जनसुनवाई में आईं पांच शिकायतों के निस्तारण के निर्देश अधीनस्थों को दिए। सर्वेश कुमार ने कॉलोनी में गंदगी, राजवीर सिंह ने पशुओं द्वारा रास्ता बंद करने व गंदगी फैलाने, मोहम्मद तैयब ने लाइट लगवाने, अखिलेश कुमार ने खाली प्लाट में जलभराव, कूड़ा डालनेे व मनीष वर्मा ने दुकान व नाले पर अवैध अतिक्रमण करने के संबंध में समस्याएं बताईं। इस अवसर पर उप नगर आयुक्त राजकिशोर प्रसाद, सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद, पूजा श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, प्रभावी नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज प्रभात, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार आदि मौजूद रहे।
सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
नगर आयुक्त अमित आसेरी ने मंगलवार सुबह रेलवे रोड बाईपास, दोदपुर मेडिकल रोड, सर सैयद नगर, केला नगर, ऊपरकोट, हाथी वाला पुल, देहली गेट, गूलर रोड क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। रेलवे रोड पर साफ -सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए जाने के लिए नगर आयुक्त प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को यहां पर लगने वाले साप्ताहिक मंगल बाजार को नुमाइश ग्राउंड में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। उधर, शाम को उन्होंने पार्षद नफीसा शाहीन व राजेंद्र किशोर के साथ स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था देखी। निरीक्षण में ईईएसएल कंपनी के टीम के लोगों के न मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई।