न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
गुरुग्राम की एक कंपनी में युवक को नौकरी देकर 1.57 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा सासनी गेट के युवक ने दर्ज कराया है। मामले में पला अवतार नगर के कुलदीप ने बताया कि 22 सितंबर को प्रिया नाम की लड़की का उसके पास फोन आया और उसने खुद को इंडोफिन कैपिटल फाइनेंस कंपनी की प्रतिनिधि बताते हुए अलीगढ़ में कंपनी के फील्ड ऑफिसर की नौकरी ऑफर की।
इस पर वह तैयार हुआ तो गुरुग्राम के सेक्टर 47, सोना रोड, थाना सदर के दफ्तर में आकाश वर्मा (असली नाम आकाश भारद्वाज) नाम के व्यक्ति ने इंटरव्यू लिया। इसके बाद उसे नियुक्ति पत्र भी दिया। उसने ऋण देने का कार्य स्टार्ट कर दिया। साथ में लोगों से फाइल चार्ज के नाम पर 4950 रुपये प्रति फाइल लेना शुरू कर दिया।
उसने कुल 1.57 लाख रुपये जमा करा दिए। उसके बाद न तो किसी का ऋण मंजूर हुआ और न उसे वेतन मिला। इसके बाद कंपनी के लोगों ने फोन भी बंद कर लिए। इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में प्रिया व आकाश व कंपनी पर मुकदमा दर्ज किया गया है।