मुहर्रम को देखते हुए नगर निगम ने पूरे शहर को पांच सेक्टरों में बांटा है। हर सेक्टर में नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में 30 अधिकारियों और करीब 650 सफाई कर्मचारियों की टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा जुलूस मार्गों से बाधक होर्डिंग, बैनर और अतिक्रमण हटाने तथा आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं।
मुहर्रम पर्व को लेकर अलीगढ़ नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने 19 जून को शहर के परंपरागत ताजिया एवं जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गूलर रोड पर निर्माणाधीन पुलिया का जायजा लेते हुए स्पष्ट किया कि मोहर्रम से पहले पुलिया का निर्माण हर हाल में पूरा कराया जाएगा, जिससे जुलूस को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विज्ञापन
नगर आयुक्त ने ऊपरकोट, जामा मस्जिद रोड, शमशाद मार्केट, जेल पुल, गूलर रोड और देहलीगेट सहित प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते हुए 25 जून तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों को गड्ढा मुक्त बनाने, अतिक्रमण हटाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा स्ट्रीट लाइटों को सुचारु करने का कार्य प्राथमिकता से किया जाए।
मुहर्रम के मद्देनजर नगर निगम ने पूरे शहर को पांच सेक्टरों में बांटा है। हर सेक्टर में नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में 30 अधिकारियों और करीब 650 सफाई कर्मचारियों की टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा जुलूस मार्गों से बाधक होर्डिंग, बैनर और अतिक्रमण हटाने तथा आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। नगर आयुक्त ने कर्बला क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, पेयजल टैंकरों की व्यवस्था करने, हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।