क्वार्सी नाले को ओवरफ्लो देखकर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा भड़क गए। उन्होंने चीफ इंजीनियर को नाला सफाई की कार्य योजना, ई-निविदा की फाइल और अब तक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अलीगढ़ शहर के जलभराव वाले इलाकों में जल निकासी दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम नालों की सफाई करा रहा है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने 10 मई को नाला सफाई का निरीक्षण किया। क्वार्सी नाला ओवरफ्लो देखकर वह भड़क गए। उन्होंने चीफ इंजीनियर को नाला सफाई की कार्य योजना, ई-निविदा की फाइल और अब तक की प्रगति रिपोर्ट 11 मई दोपहर दो बजे तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
ओजोन सिटी कट के निकट रामघाट रोड नाले पर निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता निर्माण सिब्ते हैदर से सफाई के बाद सिल्ट को नाले के किनारे डालने की वजह पूछी। कहा कि जब नाला साफ हो रहा है तो सिल्ट किनारे क्यों डाल दी है। यही सिल्ट बारिश में दोबारा इस नाले में चली जाएगी। इसलिए सिल्ट को वहां से हटाएं। रामघाट रोड पर गोविला गैस रोड और गूलर रोड पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने प्रभारी महाप्रबंधक जल को तत्काल सभी सीवर पंपिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ाने को कहा। इनका बीते तीन साल का रिकॉर्ड मांगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि बरसात से पहले जलनिकासी को प्रभावी बनाना पहली प्राथमिकता है। 30 दिनों में सभी नालों की सफाई करने का लक्ष्य है। इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग के सभी सहायक अभियंता, अवर अभियंता और एसएफआई की जिम्मेदारी तय की गई है।