न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
जिले के साथ-साथ हाथरस, एटा व कासगंज में वित्त विहीन डिग्री कालेजों में अध्ययनरत एमएससी अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक व मौखिक परीक्षाएं रविवार से शहर के डीएस कालेज में शुरू होंगी। इसके साथ ही जिले के वित्त विहीन विद्यालयों में एमए और एमकॉम के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं भी होंगी।
नोडल अधिकारी व डीएस कालेज के प्राचार्य डा. हेम प्रकाश ने मंडल के प्राचार्य को पत्र जारी कर परीक्षार्थियों को समय से उपस्थित होने के लिए निर्देश देने को कहा है। उन्होंने बताया कि 18 व 19 अक्तूबर को एमएससी अंतिम वर्ष के फिजिक्स, जूलॉजी, बॉटनी विषय की परीक्षाएं होंगी। केमिस्ट्री विषय की परीक्षाएं 18 से लेकर 19 अक्तूबर तक चलेंगी। 18 अक्तूबर को गणित व होम साइंस विषय की परीक्षाएं होंगी। 18 अक्तूबर को ही एमए अंतिम वर्ष के अंग्रेजी, हिंदी व एजूकेशन की परीक्षाएं होंगी। ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय में प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षाएं 18 व 19 अक्तूबर को होंगी, जबकि द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षाएं 19 व 20 अक्तूबर को होंगी।
एमए अंतिम वर्ष के सोशलॉजी विषय की परीक्षा 18 अक्तूबर को होगी। वहीं एमकॉम अंतिम वर्ष के सभी ग्रुप की परीक्षा 19 अक्तूबर को संपन्न होगी। नोडल अधिकारी ने सभी छात्र छात्राओं को समय से उपस्थित होकर प्रतिभाग करने के लिए कहा है।