अलीगढ़ के एमपी-एमएलए कोर्ट में सांसद सतीश गौतम के खिलाफ चल रहे मामले में 3 अगस्त को सुनवाई हुई। सांसद की तरफ से उनके अधिवक्ता अदालत में हाजिर हुए और वकालतनामा दाखिल किया। साथ ही, सांसद की ओर से मामले में जवाब प्रस्तुत करने के लिए 20 अगस्त 2026 तक का समय मांगा गया है।
अदालत ने इस पर संज्ञान लेते हुए अब अगली सुनवाई के लिए 20 अगस्त 2026 की तारीख मुकर्रर की है। इससे पहले न्यायालय ने सांसद सतीश गौतम को नोटिस जारी कर 27 जुलाई को आपत्ति प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था, लेकिन 27 जुलाई को सुनवाई न हो पाने के कारण अगली तिथि 3 अगस्त निर्धारित की गई थी।
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान सांसद सतीश गौतम पर यह गंभीर आरोप लगा था कि उन्होंने अपना नामांकन पर्चा दाखिल करते समय अपनी शैक्षणिक योग्यता की जानकारी छिपाई थी। इसी बात को आधार बनाते हुए अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी रहे पंडित केशव देव गौतम ने 21 मार्च 2025 को अलीगढ़ के एमपी-एमएलए कोर्ट में सांसद सतीश गौतम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और अब अदालत में अगली सुनवाई 20 अगस्त को होगी।