अलीगढ़ जिला योजना समिति की बैठक में अलीगढ़ के भाजपा सांसद सतीश गौतम ने मुस्लिमों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में सिंचाई विभाग की नहर की जमीन पर मुस्लिमों ने कब्जा कर रखा है। अधिकारी उन बस्तियों में जाने से डरते हैं।
कलक्ट्रेट परिसर में रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा की अध्यक्षता में जिला योजना की बैठक के दौरान सभी विभागों की बारी-बारी से समीक्षा हो रही थी। इसी बीच सिंचाई विभाग की समीक्षा का नंबर आया। प्रभारी मंत्री अधिकारियों से ब्योरा तलब कर रहे थे।
तभी सांसद सतीश गौतम ने भरी बैठक में कहा कि जवां बंबा से लेकर मंजूरगढ़ी तक सिंचाई विभाग की नहर पर मुस्लिमों ने कब्जा कर बस्तियां बसा लीं हैं। अलीगढ़ के अधिकारी मुस्लिमों की बस्ती में जाने से डरते हैं, इसलिए वहां से कब्जा नहीं हटाया जा रहा है। अगर, हिंदुओं की बस्ती होती तो उजाड़ दी जाती।
इस बयान पर बैठक में मौजूद सभी अधिकारी सन्न रह गए। प्रभारी मंत्री ने तत्काल बात को संभालते हुए बैठक को आगे बढ़ा दिया। अलीगढ़ सांसद यहीं नहीं रुके उन्होंने बैठक खत्म होने के बाद जाते जाते एक बार फिर से इसी बात को दोहरा दिया और कहा कि डीएम साहब ने आश्वासन दिया है कि वह कब्जा हटवाएंगे। हालांकि इस बयान को लेकर जब पत्रकारों ने उनसे वीडियो रिकार्डिंग में यह बयान देने को कहा तो वह बात को टालकर चलते बने।
एएमयू पर जिन्ना की तस्वीर को लेकर भी दिया था बयान
अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम द्वारा विवादित बयान देने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से जुड़े कई विवादित बयान दे चुके हैं। एएमयू में लगी जिन्ना की तस्वीर हटाने संबंधी बयान को लेकर विश्वविद्यालय में काफी विरोध भी हुआ था।
384 करोड़ के प्रस्तावों को मंजूरी
जिला योजना समिति की बैठक में इस बार 384 करोड़ रुपए की योजनाओं पर मुहर लगी है। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में भी 384 करोड़ रुपये की योजनाओं पर मुहर लगी थी, जिसमें 226 करोड़ रुपये जारी हुए थे। इस बैठक में जिले के सभी विधायक, डीएम चंद्रभूषण सिंह, सीडीओ अंकित खंडेलवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।