डीएम चन्द्र भूषण सिंह और एसएसपी मुनिराज जी से वार्ता करते लम्भुआ विधायक देवमणि द्विवेदी।
- फोटो : CITY OFFICE
भाजपा के इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी और एसओ गोंडा अनुज कुमार सैनी के बीच बुधवार को थाने में हुई मारपीट की गूंज सुल्तानपुर तक पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को इस प्रकरण में सुल्तानपुर की लंभुआ सीट से भाजपा विधायक व पूर्व आईआरटीएस देवमणि द्विवेदी यहां आए। यहां उन्होंने पहले सांसद से उनके आवास पर मुलाकात की।
सांसद से मिलने के बाद विधायक देवमणि द्विवेदी दोपहर एक डेढ़ बजे करीब कलक्ट्रेट पहुंचे थे। यहां बंद कमरे में एक घंटे तक डीएम चंद्रभूषण सिंह व एसएसपी मुनिराज जी से वार्ता की। इस दौरान किसी को भी कक्ष में आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई। बैठक के बाद वह बाहर निकले तो उनसे पत्रकारों ने कई सवाल किए। मगर, वह जवाब देने से बचते रहे। उन्होंने यह साफ किया कि वह अपने निजी फैसले पर यहां आए। सरकार या संगठन ने उनको यहां जांच के लिए नहीं भेजा था। बैठक में डीएम व एसएसपी से हुई बातचीत को भी उन्होंने गोपनीय रखा है।
इधर, लखनऊ से जानकारी मिली है कि इस संबंध में विधायक देवमणि ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या से बात कर इस घटना को लेकर इस्तीफे की पेशकश भी की है। हालांकि, देवमणि ने यहां इस बात का उल्लेख नहीं किया। इस चर्चा से साफ संकेत हैं कि प्रदेश स्तर पर गोंडा प्रकरण जोरों से चर्चाओं में है। विधायक खेमा लामबंद हो रहा है। यह बात उन्होंने सांसद आवास पर कार्यकर्ताओं के बीच बातचीत में भी उठाई।