अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के कक्षा 11 विज्ञान, डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग, मानविकी व वाणिज्य विषय की प्रवेश परीक्षा रविवार को होगी। ये परीक्षाएं एएमयू परिसर समेत कोलकाता, लखनऊ, पटना, श्रीनगर, मेरठ, बरेली, किशनगंज, गुवाहाटी में होंगी। प्रवेश परीक्षा में 33,754 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है।
पीआरओ एमआईसी प्रो. शाफे किदवई ने बताया कि 26,832 छात्र-छात्राओं ने कक्षा 11 के विज्ञान एवं डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए आवेदन किया है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा चार बजे से छह बजे तक होगी। कक्षा 11 के मानविकी और वाणिज्य विषय की प्रवेश परीक्षा में 6,717 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है।
205 छात्र-छात्राओं ने ब्रिज कोर्स के लिए आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ केंद्र पर 9,920 छात्र व 4,739 छात्राएं विवि के विभिन्न संकायों, विभागों और स्कूलों में कक्षा 11 विज्ञान और डिप्लोमा इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगी। 2,570 छात्र व 1,932 छात्राओं ने कक्षा 11 के मानविकी और वाणिज्य विषय की परीक्षा के लिए आवेदन किया है।