जनता कर्फ्यू रविवार रात नौ बजे हटने से पहले ही अलीगढ़ जिले को 25 मार्च तक का लॉक डाउन कर दिया गया है। लॉक डाउन क्या है..? इस बाबत जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने की दृष्टि से दंड प्रक्रिया धारा 144 के तहत संपूर्ण जनपद में रविवार रात 9 बजे से 25 मार्च की मध्य रात्रि 12 बजे तक लॉक डाउन घोषित किया गया है। इसी स्थिति में आपात स्थिति को छोड़कर किसी भी व्यक्ति को अपने घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही लोग सोशल डिस्टेंशिंग गाइड लाइन का पालन करेंगे और मूलभूत व जरूरी सेवाओं के लिए ही बाहर निकलेंगे। जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गईं हैं। कोई भी व्यक्ति किसी भी माध्यम से सड़क एवं रेल से जिले की सीमा में न प्रवेश कर सकेगा और न ही जिले से बाहर जा सकेगा। बात न मानने वालों को धारा 144 के उल्लंघन में धारा 188 के तहत कार्रवाई झेलनी पड़ेगी।
जनपद के मेडिकल की दुकानें, अस्पताल, नर्सिंग, सब्जी, किराना, दूध की दुकान, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और उनके गोदाम को छोड़ कर सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। विदेशों एवं अन्य राज्य के शहरों से आने वाले व्यक्तियों का यह दायित्व होगा कि वह स्वयं को अपने घर ही क्वारटींन या सैनिटाइज करें व इसकी सूचना अविलंब अपने निकटवर्ती सरकारी या निजी अस्पताल को दें। संभव हो तो सरकारी अस्पताल में इसकी सूचना जरूर दें। इसके साथ ही ये सूचना संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस को दूरभाष के माध्यम से दें।
जनपद में कोई भी रोडवेज बस, निजी बस, पब्लिक वाहन, टैंपो, ई रिक्शा आदि समस्त प्रकार के वाहनों का आना जाना प्रतिबंधित रहेगा। लेकिन इमरजेंसी ड्यूटी वाले शासकीय कर्मचारी ड्यूटी के प्रयोजन से लॉक डाउन से मुक्त रहेंगेे। इन कर्मचारियों को अपने साथ अपना आईडी प्रूफ रखना अनिवार्य होगा। घर-घर जाकर दूध बांटने वाले दूध विक्रेता एवं न्यूज पेपर हॉकर लॉक डाउन से मुक्त रहेंगे। इसके साथ ही सेनेटाइजर, मास्क, दवाइयां, गैस, पेट्रोल आदि आवश्यक वस्तुओं को लाने ले जाने वाले वाहनों को भी लॉक डाउन से मुक्त किया गया है।
ये रहेंगे बंद
अलीगढ़। जनता से सीधे नहीं जुड़ने वाले विभाग, परिवहन, सार्वजनिक परिवहन, अंतर्राज्यीय परिवहन, बस टैक्सी, ऑटो, रिक्शा व ई रिक्शा, (चिकित्सा सेवा, एंबुलेंस, खाद्य पदार्थ ढोने वाले वाहन छोड़कर) बंद रहेंगे। सभी तरह के कारखाने, फैक्ट्री, प्रतिष्ठान, दुकानें, ढकेल और खोके भी बंद रहेंगे।
ये खुले रहेंगे
अलीगढ़। समस्त सरकारी कार्यालय, सरकारी प्रतिष्ठान, पुलिस, सशस्त्र बल, अर्द्ध सैन बल, फायर सर्विस, नागरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्रामीण क्षेत्र में सफाई व पेयजल व्यवस्था, बिजली, जल कल विभाग, सरकारी और निजी अस्पताल, मेडिकल स्टोर, नर्सिंग होम, पेट्रोल पंप, बैंक, बीमा कंपनी व एटीएम की सेवाएं बहाल रहेंगी, प्रिंट-इलेक्ट्रानिक मीडिया, टेलीकॉम व इंटरनेट संवाएं, डाक सेवाएं, दैनिक खाद्य पदार्थ की आपूर्ति की शृंखला व उससे संबंधी यातायात, आवश्यक खाद्य पदार्थ, सरकारी राशन की दुकानें, किराना, कृषि उत्पाद, पशुचारा व इनका उत्पादन करने वाले प्रतिष्ठान, इकाइयां, थोक व फुटकर विक्रेता, ई-कॉमर्स आपूर्ति, दवाइयां, चिकित्सा उपकरण भी शामिल हैं, किराना, रसोई गैस, दूध, ब्रेड, राशन, सब्जी, फल से संबंधित परिवहन पर रोक नहीं है। चिकित्सा सेवा व खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी करने वाले, पेट्रोल पंप व पेट्रोल परिवहन से संबंधित गतिविधयां खुली रहेंगी।
ये नहीं कर सकते
किसी भी स्थान पर पांच या उससे अधिक व्यक्ति एकत्रित नहीं हो सकते। किसी भी सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, धार्मिक, शैक्षणिक, खेल, संगोष्ठी, समूह पर्यटन, समूह भ्रमण, जुलूस, सम्मेलन नहीं होंगे। साप्ताहिक बाजार में सब्जी की छोड़कर बाकी कोई पैंठ नहीं लगेगी। नुमाइश, प्रदर्शनी व मेलों का आयोजन नहीं होगा।
ये करना जरूरी है
जितने भी अपार्टमेंट, हाउसिंग सोसाइटी और उनके पदाधिकारी, तथा जनपद का प्रत्येक व्यक्ति सोशल डिसटेंसिंग के तहत पांच से छह फिट की दूरी बनाकर रखे। सैनिटाइज कराएं। पांच से अधिक एकत्रित होने पर पुलिस को सूचना दें। पुलिस कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रेट को अवगत कराएगी।
देर रात सीएम की वीसी जारी
लॉक डाउन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वीडियो कांफ्रेंसिंग रात 10.30 बजे शुरू हुई, जिसमें जिले के समस्त अधिकारी, कमिशभनर जीएस प्रियदर्शी, डीआईजी डॉ.प्रीतिंदर सिंह, डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसएसपी मुनिराज जी के अलावा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रमुख अधिकारी मौजूद थे। देर रात तक वीसी जारी थी।
रेलवे स्टेशन पर पसरा सन्नाटा।- फोटो : CITY OFFICE