अलीगढ़ शराब कांड के मुख्य आरोपी ऋषि को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को ही मुख्य आरोपी ऋषि पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख की गई थी। ऋषि को बुलंदशहर बॉर्डर से स्कार्पियो समेत गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।
आपको बता दें कि ऋषि शर्मा की पत्नी, बेटा, दो भाई और भांजे को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने 6 राज्यों में आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। एसएसपी लगातार टीमों की मॉनिटरिंग कर रहे थे।
मुखबिर की सटीक सूचना पर बुलंदशहर बॉर्डर से चैकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया। स्कार्पियो गाड़ी नं0- UP81 BT 2169 से 540 खाली पव्वे देशी शराब, 279 ढक्कन लाल रंग, 75 ढक्कन महरूम रंग, 667 ढक्कन सील, 240 रैपर जिनपर गुड ईवनिंग देशी शराब और 500 बार कोड बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ऋषि शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने लगभग 500 से ज्यादा नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली। इसकी 100 से ज्यादा रिश्तेदारों के यहां रेकी करके जानकारी जुटाई। विभिन्न जनपदों में अपने 100 से ज्यादा मुखबिरों को एक्टीवेट किया।
भागने के रास्तों के सीसीटीवी खंगाले। इसके पुराने जितने भी मित्र व सहयोगी हैं उन सभी से सघन पूछताछ की गई। इसके बाद सटीक सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।