पुलिस गिरफ्त में हत्या का आरोपी कौशल कुमार।
- फोटो : CITY OFFICE
रक्षाबंधन पर मायके आई नवविवाहिता की रविवार को हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी सिरफिरे आशिक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसपी सिटी अभिषेक ने प्रेसवार्ता में बताया कि थाना गांधी पार्क के नगला माली में रहने वाले रामवीर सिंह ने अपनी बेटी 20 वर्षीय आरती और 18 वर्षीय वंदना की शादी 3 जुलाई को बुलंदशहर में की थी। आरती की शादी से सासनी गेट के न्यू अवतार नगर निवासी कौशल नाराज था। कौशल के चाचा का घर नगला माली में रामवीर के घर के पास ही है। इसीलिए कौशल का वहां पर आना जाना था। शादी के बाद रक्षाबंधन पर आरती अपने मायके आई थी। इस बात की जानकारी कौशल को हो गई तो वह अपने चाचा के यहां आ गया और रविवार रात को उसने आरती की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।
इस घटना में आरती के पिता रामवीर ने कौशल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। पुलिस ने सोमवार को याकूतपुर पुलिया के पास से हत्या के आरोपी कौशल कुमार पुत्र सुभाष चंद्र, जो मूल रूप से गोंडा के गांव मुरवार का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया।