न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
त्योहारी माहौल के कारण इन दिनों बाजारों में रौनक है। करवा चौथ को लेकर महिलाओं ने खरीदारी करनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को सराफा बाजार व गहनों के शोरूम में काफी चहल-पहल दिखी। महंगाई और फैशन के दौर में महिलाओं को हल्के वजन के गहने भा रहे हैं, लेकिन ज्यादातर महिलाएं गुणवत्ता से समझौता नहीं कर रही हैं, वह बीआईएस हॉल मार्क गहनों की मांग कर रही हैं। इधर, बाजार में रौनक देखकर सराफा कारोबारी भी खुश हैं।
करवा चौथ के त्योहार को लेकर सराफा बाजार व प्रमुख ज्वेलरी शोरूम पहले से तैयार हैं। उम्मीद थी कि त्योहार नजदीक आते ही 25 फीसदी तक बिक्री में उछाल आएगा, मगर करवा चौथ से पहले ही बाजार में सामान्य से 50 फीसदी तक की खरीद दर्ज की जा रही है। दुकानों पर करवा चौथ के साथ साथ शादियों को लेकर भी खरीदारी शुरू हो गई है। केआर ज्वैलर्स के स्वामी देवेश वी राजन स्वीकारते हैं कि बाजार में इस समय जबरदस्त उत्साह है। दीपावली, करवा चौथ व शादी की खरीद व बुकिंग पर जोर है।
सोनी ज्वैलर्स के मनित अग्रवाल ने बताया कि ग्राहक इस समय गुणवत्ता परक खरीदारी पर जोर दे रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले इस साल बाजार में रौनक है। जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे खरीदारों की भीड़ बढ़ती जा रही है।
ये हैं नए उत्पाद, और इनकी है मांग
बाजार में इस बार तरकिस फ्यूजन, लाइटवेट के बहुत से नए उत्पाद आए हैं, जो पसंद किए जा रहे हैं। इसके अलावा कोलकाता, केरला व साउथ बेस्ड डिजाइन बेहद पसंद किए जा रहे हैं। ये डिजाइन शादी की खरीद के लिए ज्यादा पसंद हो रहे हैं।
बीआईएस हॉल मार्क के पीछे ये है सोच
बीआईएस मार्क गहने पसंद बनने के पीछे ग्राहक की यह सोच सामने आ रही है कि जब भी कभी जरूरत पर उसे वापस बाजार में बेचा जाए तो उसकी गुणवत्ता पर सवाल न खड़ा हो। बता दें कि बीआईएस हॉलमार्क मानक 14, 18, 20 व 22 कैरेट बिक्री योग्य है, जबकि बीआईएस हॉलमार्क मानक 23 कैरेट बिक्री योग्य नहीं माना गया है।