मनरेगा के तहत काम करने वालों की न्यूनतम मजदूरी अब 201 रुपये प्रति दिन तय कर दी गई है। किसी भी सूरत में इससे कम भुगतान नहीं किया जाएगा। इससे कम भुगतान करने पर संबंधित विभाग कार्रवाई की जद में आ सकता है। बीती नौ जून से लागू हुईं नई दरों के अनुसार अब साधारण मिट्टी में तालाब खोदने पर 100.50 रुपये प्रति घनमीटर पुरुष को और महिला को 134 रुपये मिलेंगे।
इसमें पुरुष को दो जबकि महिला को डेढ़ घनमीटर काम रोज मिलना जरूरी है। हल्की झाड़ी की सफाई में 3.05 रुपये प्रति वर्गमीटर, घनी झाड़ी में 4.02 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर तय हुई है। हल्की झाड़ी में 66 वर्गमीटर और घनी में 50 वर्गमीटर काम एक मजदूर को मिलना जरूरी है। साधारण मिट्टी खुदाई का कार्य, सड़क, बांध, तालाब से मिट्टी निकालने पर 94.81 रुपये और महिला को 134 रुपये प्रति घन मीटर की दर से भुगतान होगा। पुरुष को सवा दो घनमीटर और महिला को डेढ़ घनमीटर काम देना जरूरी है।
प्रदेश के प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह ने सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को शासन का पत्र भेज दिया है। मंडलायुक्त जीएस प्रियदर्शी ने बताया कि मंडल में नई दरों के अनुसार भुगतान शुरू करा दिया गया है। मनरेगा की इस नई मजदूरी दर सूची में जिन कार्यों की दरें घोषित नहीं हुई हैं। उन कार्यों के लिए संबंधित विभाग के अनुसार तय दरों पर ही भुगतान होगा। जैसे सिंचाई, लोक निर्माण एवं वन विभाग के कार्यों में उनके विभागीय रेट के अनुसार मजदूरों का भुगतान होगा। डीसी मनरेगा सचिन कुमार ने बताया कि जिले में फरवरी में एक लाख 6 हजार श्रमिक मनरेगा से काम प्राप्त कर रहे थे। लॉकडाउन में बाहर से गांव वापस आए लोगों के कारण 11700 मजदूर बढ़ गए थे। अब इनकी कुल संख्या एक लाख 17 हजार 700 हो गई है।
कब-कब तय हुईं मजदूरी की दरें
1- 28 जून 2019 को शासन ने मनरेगा के लिए नई दरें तय कर दी थी
2- 27 मई 2020 को इस योजना में 201 रुपये मजदूरी तय की गई थी
3- 09 जून 2020 को मनरेगा में कार्य की मजदूरी दरें नये सिरे से तय हुई
पौधरोपण के काम की नई दरें
1- लगभग 90 गुणा 90 गुणा 90 सेमी का गड्ढा खोदने पर 136.73 रुपये प्रति घनमीटर
2- लगभग 60 गुणा 60 गुणा 60 सेमी का गड्ढा खोदने पर 136.73 रुपये प्रति घनमीटर
3- लगभग 45 गुणा 45 गुणा 45 सेमी का गड्ढा खोदने पर 121.08 रुपये प्रति घनमीटर
4- किसी वाहन से पौधे चढ़ाने-उतारने पर 402 रुपये प्रति हजार पौधे
5- पौधरोपण सर्वेक्षण एवं चिन्हांकन में 26.13 रुपये प्रति 500 पौधे
6- पौधरोपण के गड्ढों का रेखांकन ट्रैच एवं सीपीटी कार्य 40.20 रुपये प्रति 100 पौधे
7- कार्यस्थल तक पौधों की ढुलाई का कार्य 40.20 रुपये प्रति सौ पौधे
8- छोटे पौधों को कार्यस्थल से रोपाई स्थल तक ले जाने पर 40.20 रुपये प्रति सौ पौधे
9- बड़े पौधों को कार्यस्थल से रोपाई स्थल तक ले जाने पर 72.30 रुपये प्रति सौ पौधे
10- बायोडीजल पौधे लगाने और अन्य पौधे लगाने पर 3 रुपये प्रति पौधा
11- उद्यानीकरण एवं समूह रोपण हेतु गड्ढों को पुन: खोलने पर 10.05 रुपये प्रति पौधा
12- पौधे की देखरेख, मिट्टी कार्य एवं बाड़ों की मरम्मत कार्य 201 रुपये प्रति दिन
13- हैडपंप से पानी निकाल कर पौधों की सिंचाई 30 मीटर दूरी तक 1.44 रुपये प्रति पौधा
सामान्य खेती किसानी के काम की दरें
1- ट्रैक्टर से सख्त मिट्टी में तीन मीटर की गहरी जुताई पर 2010 रुपये प्रति एकड़
2- ट्रैक्टर से साधारण मिट्टी में तीन मीटर की गहरी जुताई पर 1608 रुपये प्रति एकड़
3- ट्रैक्टर से सभी सामानों की ढुलाई आठ घंटे प्रतिदिन पर 1220.50 रुपये प्रतिदिन
4- साधारण मिट्टी से कैटल कल्टीवेटर से दोहरी जुताई पर 1206 रुपये प्रति एकड़
5- टोकरी से मिट्टी व बजरी की ढुलाई 20 मीटर दूरी तक 20.10 रुपये प्रति घनमीटर
6- खेत में ट्रैक्टर से सिल्ट डालने पर 19.61 रुपये प्रति एक घनमीटर
7- मिट्टी के ढेले तोड़ कर जमीन समतल करने पर 28.15 रुपये प्रति घनमीटर
8- बालू ट्रैक्टर लोड करने पर 160.80 रुपये प्रति ट्रैक्टर
9- ईंट ट्रैक्टर लोड करने पर 201. रुपये प्रति ट्रैक्टर
10- सीमेंट लोड करने पर प्रति बोरी 4.02 रुपये की दर से भुगतान