चंडौस की राशन दुकान पर कोविड टीका लगाती एएनएम।
- फोटो : CHANDAUS
प्रशासन की तमाम कोशिशों, गांव-गांव, घर-घर सर्वे के बावजूद कोरोना का टीका न लगवाने वाले लोगाें के सामने शनिवार को राशन का थैला खाली रह जाने की नौबत आ गई। कोरोना का टीका लगा होने पर ही सरकारी राशन की दुकान से राशन मिलने की बाध्यता के चलते प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में टीका लगवाने वालों की भीड़ लग गई। शाम तक 140 लोगों ने कोरोना का टीका लगवा लिया।
कस्बे के सरकारी कोटे की दुकान पर शनिवार की सुबह से अफरातफरी का माहौल बन गया था। राशन दुकानदार सियाराम शास्त्री ने कह दिया कि जिन लोगों ने कोरोना का टीका लगवा लिया है उन्हें ही राशन मिलेगा। जिन्होंने टीका नहीं लगवाया है वह जिलाधिकारी के नाम का प्रार्थना पत्र उन्हें दें।
उसमें कारण लिखें कि अभी तक कोरोना का टीका क्यों नहीं लगवाया है? प्रार्थना पत्र देने पर इस माह का राशन तो मिल जाएगा लेकिन अगले माह भी टीका नहीं लगा है तो जिला पूर्ति अधिकारी का जैसा आदेश होगा उसके अनुसार ही राशन का वितरण किया जाएगा।
कोटेदार के इस कथन पर कार्डधारकों में अफरातफरी मच गई। जिन्होंने टीका नहीं लगवाया था, वह निराश हो गए। इसके बाद कार्डधारक सीधे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर दौड़ पड़े। शनिवार की शाम तक 140 लोगों ने टीका लगवा लिया था। पीएचसी के फार्मासिस्ट चरण सिंह ने बताया कि शनिवार को काफी भीड़ रही इसलिए रविवार को भी कोरोना का टीका लगाया जाएगा।
टीका लगवाकर आओ, तब मिलेगा राशन
शनिवार को कस्बे समेत देहात में राशन वितरण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही। इस दौरान कार्डधारकों का टीकाकरण जांचा गया जिसके बाद ही राशन दिया गया। कुछ महिलाएं टीकाकरण के बारे में जानकारी नहीं दे सकीं, जिससे खाली हाथ लौटना पड़ा। वहीं कुछ ने राशन पाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की राह पकड़ी। टीका लगवाया जिसके बाद राशन मिला।