रविवार सायं सासनी के रास्ते हाथरस होते हुए कासगंज व संभल पहुंचा टिड्डी दल सोमवार को फिर वापस लौट आया। इसकी खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। कृषि एवं उद्यान टीमें इनके पीछे दौड़ पड़ी। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ऊंचे उड़ रहे एक किमी लंबे इस दल को जमीन पर न बैठने देने के लिए फागिंंग मशीन व आवाज का सहारा लिया गया। देर सायं दल के यमुना पार हरियाणा सीमा में प्रवेश करने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। इधर रविवार को हरदुआगंज क्षेत्र के बरानदी एवं दाऊदपुर में आम के बाग में बैठे टिड्डी दल द्वारा आम, पापुलर व यूके लिपटस के कुछ पेड़ों की पत्तियों को नुकसान पहुंचाया था। प्रशासन ने इसे चार से पांच फीसदी नुकसान आंकते हुए रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि संभल के जुनावई विकास खंड के आधा दर्जन गांवों में मंडराने के बाद टिड्डी दल ने सोमवार को जिले की सीमा में प्रवेश किया। यह दल अलमपुर, दादों, अतरौली, जवां, गभाना, चंडौस, जट्टारी से टप्पल होते हुए दो भागों में बंट गया। एक भाग धांधोली के रास्ते और दूसरा दल टप्पल के रास्ते यमुना नदी के पार पलवल हरियाणा में प्रवेश कर गया। ऊंचाई पर उड़ने के कारण इसने फसलों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
टिड्डी दल का आगमन.. मिनट दर मिनट
विकास खंड बिजौली
-गांव पाली मुकीमपुर-1.15 बजे
-गांव मउपुर भाउपुर-1.20 बजे
विकास खंड अतरौली
-अतरौली-1.50 बजे
विकास खंड जवां
-सिखरना-2.15 बजे
-सलेमपुर गोधा स्टेशन-2.33 बजे
-पिलौना-3.01 बजे
-सुनाना-3.09 बजे
-मेमड़ी-3.16 बजे
विकास खंड चंडौस
-जखौता चिलावटी-3.47 बजे
-चंडौस--3.50 बजे
-खिजरपुर-4.04 बजे
-वीरपुरा-4.23 बजे
-नगला सरुआ-4.27 बजे
-नगला पदम रेशरा-4.32 बजे
-गणेशपुर-4.37 बजे
विकास खंड खैर
-दीवा हामिदपुर-5.05 बजे
विकास खंड टप्पल
-खेडिय़ा बुजुर्ग--5.12 बजे
-हसनपुर जलेरिया-5.26 बजे
-जलालपुर-5.38 बजे
विकास खंड चंडौस
-सहजपुरा-5.47 बजे
विकास खंड टप्पल
-कंसेहरा-5.51 बजे
कंट्रोल रूम स्थापित
हवा के रुख के साथ दिशा बदल रहे टिड्डी दल के खतरे से निपटने के लिये जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। भूमि संरक्षण अधिकारी निधि राठौर को इसका प्रभारी बनाया गया है। जबकि वरिष्ठ प्राविधिक सहायक रामबाबू मोबाइल नंबर 9058442216 व जसवीर सिंह मोबाइल नंबर 8006611653 को सहप्रभारी बनाया गया है। सीडीओ ने बताया कि यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा।
रविवार को बरा नदी एवं दाऊदपुर में आम के बाग, यूकेलिपटस एवं पापुलर के पेड़ों पर बैठे टिड्डी दल ने कुछ पेड़ों की पत्तियां खाई हैं। करीब चार से पांच फीसदी नुकसान हुआ है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। सोमवार के नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।
विधान जायसवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व