कलेक्ट्रेट सभागार में सभी धर्मगुरुओं के साथ बैठक करती जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी कलानि
- फोटो : CITY OFFICE
डीएम ने कानपुर में हुए सांप्रदायिक बवाल के प्रकरण को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में धर्म गुरुओं के साथ जिला शांति समिति की बैठक की। उन्होंने धर्म गुरुओं से जिले में भाईचारा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कहा कि कोई अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करे तो उसकी सूचना पुलिस को दें।
बैठक में एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि शहर में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। किसी भी समस्या एवं शिकायत के लिए 9454402817 नंबर पर सूचना दें। उन्होंने प्रतिष्ठानों एवं धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की।
ऊपरकोट- बाबरी मंडी निवासी मुकेश शर्मा ने दाऊजी मंदिर के कार्यों में सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि वह हमेशा से मुस्लिम भाईयों के साथ प्रेमभाव से रहे हैं। एक-दूसरे से प्रेम करें तो विरोध नहीं होगा। मोहम्मद मेराज उल हक ने कहा कि आपसी सौहार्द एवं भाईचारे को बिगाड़ने वाले अराजकतत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
जैन प्रवर्तक ने कहा कि सभी धर्म अहिंसा का संदेश देते हैं। सबसे पहले स्वयं को सुधारा जाए। समाज में अमन-चैन सभी के सहयोग से होता है। बन्नादेवी स्थित चर्च के पादरी ने कहा कि समस्या किसी धर्म में नहीं बल्कि सोच में है।
गलत बयानबाजी बंद होनी चाहिए। डीएम-एसएसपी ने अपील की कि समाज के किसी वर्ग या व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की असंगत बातें व्यक्त की जा रही हैं तो उसका स्क्रीनशॉट लेकर पुलिस एवं प्रशासन को इसकी जानकारी दें। यहां एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ प्रथम अशोक कुमार सिंह, महंत कौशलनाथ, गुलजार अहमद आदि मौजूद रहेे।