डीजल में मिलावट करने वाले गिरोह के पकड़े जाने के बाद छानबीन करती टीम।
- फोटो : CITY OFFICE
टप्पल थाना क्षेत्र के हामिदपुर गांव के टप्पल-जेवर मार्ग पर संचालित जगदम्बा ढाबे के पास रविवार को पूर्ति विभाग और थाना पुलिस ने डीजल चोर गिरोह को चार सदस्य गिरफ्तार किए। इनका सरगना फरार हो गया। मौके से 2240 लीटर डीजल और 600 ली. डी-2 केमिकल सहित अन्य माल बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ पूर्ति निरीक्षक खैर ने मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि टप्पल पुलिस ने हामिदपुर गांव के पास छापा मार कार्रवाई की। उनकी सूचना पर पूर्ति निरीक्षक खैर पहुंचे। जगदम्बा ढाबे के पास एक प्लाट में से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। चारों की पहचान राजू पुत्र ओमवीर निवासी शाहपुर, पिसावा, कुलजीत पुत्र बहादुर सिंह निवासी शाहपुर, पिसावा, पवन कुमार पुत्र भगवान दास शर्मा, निवासी अयेरा, राया, मथुरा, देवी सिंह पुत्र नेतराम सिंह निवासी राया, मथुरा के तौर पर हुई है। पूछताछ में पता लगा कि यह सभी नौकर हैं।
गिरोह का सरगना अमित पुत्र ब्रह्मपाल सिंह निवासी शाहपुर, पिसावा है। इन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले टैंकरों सेे डीजल चोरी करते हैं। इसके बाद उसमें डी-2 केमिकल मिलाते हैं । फिर उसको बाजार में बेचते हैं। इनके पास से एक टैंकर, जिसमें 600 लीटर डी-2 रसायन भरा हुआ, एक बोलेरो, एक स्कॉर्पियो, 2240 लीटर डीजल से भरे हुए व कुछ खाली ड्रम व अन्य सामान बरामद हुआ। सभी के खिलाफ डीएम के अनुमोदन के आधार पर थाना टप्पल में मुकदमा पंजीकृत करा दिया है। आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।