अगर काबिलियत हो और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो कामयाबी नामुमकिन नहीं है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र मोहम्मद शादाब ने, जिन्होंने केनेडी-लूगर यूथ एक्सचेंज एंड स्टडी स्कॉलरशिप के जरिये बेलफास्ट एरिया हाईस्कूल अमेरिका में पढ़ाई की और 97.6 फीसदी अंक हासिल कर स्कूल टॉप करके देश और जिले का नाम रोशन किया है।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के मिंटो सर्किल से कक्षा नौ की पढ़ाई करके शादाब ने स्कॉलरशिप के जरिये बेलफास्ट एरिया हाईस्कूल में दाखिला लिया। उसे स्कॉलरशिप में 28 हजार अमेरिकी डालर, जो भारतीय मुद्रा में करीब 20 लाख रुपये मिले थे।
स्कूल में कक्षा 9 से 12 तक करीब 500 बच्चे पढ़ते थे। शादाब ने बताया कि फरवरी 2020 में उसे स्कूल में स्टूडेंट ऑफ द मंथ भी चुना गया था। महानगर के जमालपुर निवासी शादाब ने बताया कि उनकी अम्मी जरीना बेगम व अब्बू अरशद नूर पढ़े-लिखे नहीं हैं। मगर, वह भाई-बहन को पढ़ाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। बड़ा भाई बीसीए व छोटी बहन एएमयू के अब्दुल्ला गर्ल्स कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ रही है।
एक साल बाद मिला मौका
शादाब ने बताया कि उसे स्कॉलरशिप हासिल करने में करीब एक साल लगा। जब वह कक्षा नौ में पढ़ रहा था, तब उसका चयन ऑल इंडिया एक्सेस प्री इंग्लिश कैंप मुंबई के लिए हुआ था। कैंप में अमेरिकन ट्रेनर टॉम ने केनेडी-लूगर यूथ एक्सचेंज एंड स्टडी स्कॉलरशिप के बारे में जानकारी दी।