न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
जवां पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार किए हैं। यह पांचों एक कार से त्योहार पर माल लेकर उड़ीसा से आ रहे थे। माल की सप्लाई खैर में देनी थी। चेकिंग के दौरान जवां क्षेत्र में दबोच लिए गए।
एसओ जवां अभय कुमार के अनुसार बरौली क्षेत्र में शनिवार को चेकिंग के दौरान एक मारुति एस एक्स-4 को चेकिंग के लिए रोका गया। इस दौरान कार सवार लोग उसमें से उतरकर भागने लगे। इस पर शक होने पर उन पांचों को दबोच लिया गया, जबकि कार में तलाशी ली तो उसमें 31 किलो 800 ग्राम गांजा छिपा हुआ मिला। इसके लिए कार की डिग्गी में अलग से केबिन बनाया गया था। इस माल की बाजारू कीमत ढाई लाख रुपये है।
पूछताछ में पांचों ने अपने नाम अंकित उर्फ गुड्डू व शेखर निवासी लक्ष्मणगढ़ी खैर, सनी उर्फ अंकित निवासी मानिकपुर भरथना इटावा, विमल निवासी वीरपुरा गभाना व नीरज निवासी बंदी महावन मथुरा बताए। उन्होंने बताया कि यह माल उड़ीसा से खरीदकर लाया गया है। हालांकि वे लोग दिल्ली से हाईवे के रास्ते आ रहे थे। मगर हाईवे पर चेकिंग व टोल के चलते वे बुलंदशहर से पहासू, बरौली व गभाना होकर खैर निकलने की तैयारी में थे। इसी बीच चेकिंग में पकड़ लिए गए। बरामद माल अंकित खरीदकर लाया था। बाकी लोग उसके एजेंट हैं।
घर में चोरी के प्रयास में एक दबोचा
अलीगढ़। महानगर की थाना सिविल लाइंस पुलिस ने घर से चोरी के माल सहित एक आरोपी को भमोला इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अफजाल निवासी बदरबाग टावर वाली गली थाना सिविल लाइंस को चोरी के गैस सिलिंडर, गैस चूल्हा सहित गिरफ्तार किया। इधर, गांधीपार्क पुलिस ने छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट में हसीन खान निवासी खोड़ा कॉलोनी लोकप्रिय विहार जनपद गाजियाबाद, हाल निवासी एटा को बस स्टैंड कैंटीन से दबोचा है। वहीं बन्नादेवी पुलिस ने प्रदीप कुमार निवासी अल्लापुर गढ़िया को भी छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार किया है।