रोरावर क्षेत्र के करबला इलाके के मकान में संचालित ताला फैक्टरी में शनिवार रात आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों से पूरी फैक्टरी घिर गई। आबादी क्षेत्र में संचालित फैक्टरी में आग की खबर पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर दमकल भी पहुंच गईं। यहां करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सिविल लाइंस के हासिम की करबला इलाके के पुराने मकान में ताला फैक्टरी है। हासिम के अनुसार, रोजाना की तरह शनिवार देर शाम वे अपनी फैक्टरी बंद कर घर चले गए। तभी रात करीब 10 बजे पड़ोसी के जरिये उन्हें फैक्टरी में आग लगने की खबर मिली।
इधर, कुछ ही देर में आग की लपटों से पूरी फैक्टरी घिर गई। आसपास के लोग एकत्रित होकर आग नियंत्रित करने के प्रयास करने लगे। मगर सफलता नहीं मिली। इसी बीच सूचना पर दमकल भी पहुंच गईं। एक-एक कर तीन दमकलों की मदद से करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस बीच परिवार के साथ हासिम भी मौके पर पहुंच गए। सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह के अनुसार आग का कारण शार्ट सर्किट माना गया है। फैक्टरी स्वामी के अनुसार आग में भारी नुकसान हुआ है। बाकी मामले में जांच की जा रही है।