न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
वायु प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए इस बार लोगों ने कम से कम आतिशबाजी का प्रयोग किया। प्रदूषण नियंत्रण विभाग की सलाह और अमर उजाला के आतिशबाजी नहीं चलाने का संकल्प दिलाने के अभियान का भी असर दिखाई दिया। बच्चों ने भी जिद नहीं की। वहीं गोवर्धन पूजा के दिन शाम पौने सात बजे से तेज हवा, बारिश ने भी आतिशबाजी चलाने से रोका। लोगों को घरों में ही रहना पड़ा। गलियों और सड़कों में आतिशबाजी कम ही दिखी। प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने छोटी दिवाली, बड़ी दिवाली और गोवर्धन पूजा के दिन वायु प्रदूषण की स्थिति का आकलन करने के लिए उपकरणों को सक्रिय रखा है। जिसका डाटा सोमवार को सामने आएगा। इस डाटा के सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
गोवर्धन पूजा के दिन अचानक हुई बारिश से बाजारों में भी सन्नाटा हो गया। खरीदारी करने के लिए निकले लोग वापस घर की ओर चले तो दुकानों में भी कामकाज थम गया। जिससे दुकानदारों को निराशा हुई, हालांकि पहले से ही खरीदारी अच्छी होने के कारण बहुत ज्यादा तनाव चेहरों पर नहीं दिखा। अब सभी को सोमवार को भैया दूज में बेहतर कारोबार की उम्मीद है, लेकिन दुकानदार मौसम साफ और अच्छा होने की कामना भी कर रहे हैं। बारिश के बाद सेंटर प्वाइंट, समद रोड, रामघाट रोड, रेलवे रोड, दुबे का पड़ाव, नौरंगाबाद, मसूदाबाद, मैरिस रोड, मामूभांजा, आगरा रोड, हाथरस अड्डा, जयगंज, मदार गेट सहित अधिकांश बाजारों में बारिश के बाद दुकानें बंद होने लगी। शाम सात बजे के करीब शुरू हुई बारिश लगभग नौ बजे तक रुक रुक कर होती रही।