मलखान सिंह जिला अस्पताल के जनरेटर रूम में लगी आग के बाद जला सामान।
- फोटो : CITY OFFICE
मलखान सिंह जिला अस्पताल के जनरेटर रूम में भीषण आग लगने से 30 मीटर केबल एवं ऑयल आदि जलकर खाक हो गए हैं। एक बाइक को भी नुकसान पहुंचा है। गनीमत है कि जनरेटर रूम के पीछे क्वार्टर की तरफ लपटे नहीं पहुंची। आग पर सवाल भी उठने लगे है।
शनिवार की रात्रि में करीब 12 बजे जब सब लोग सोए हुए थे, उसी समय स्वतंत्रता सेनानी वार्ड के समीप स्थित जनरेटर रूम में अचानक आग लग गईं। देखते-देखते जनरेटर रूम की खिड़की से तेज लपटे निकलने लगी। अस्पताल के एक फार्मेसिस्ट का कहना है कि जनरेटर रूम में ऑयल एवं 130 मीटर केबल तार भी रखे थे, जिसमें आग लगने के बाद स्थिति बेकाबू होता चला गया। शोर सुनकर पीछे क्वार्टर में सोए हुए कुछ लोग जाग गए। दौड़ कर नीचे आए और अपने वाहन जनरेटर रूम के समीप से हटाकर दूर खड़ा कर दिया। आग बुझने तक वहां अफरा-तफरी का माहौल था। जनरेटर रूम के पीछे ही क्वार्टर के लोग अपनी बाइक आदि लगाते है।
फार्मेसिस्ट सुरजीत की बाइक को मामूली नुकसान हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि आग शार्ट सर्किट से लगी है। सूचना के बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी एवं थाना बन्नादेवी से पुलिसकर्मी भी आ गए। फायर बिग्रेड के कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत कर आग को काबू में किया। आग लगने से किस-किस चीज का और कितने का नुकसान हुआ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। यह भी स्पष्ट नहीं हुआ कि अस्पताल के किसी रिकार्ड को नुकसान हुआ है या नहीं। भाजपा नेता राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ ने इसकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह शासन को पत्र लिखकर आग लगने के कारण की जांच कराने की मांग करेंगे। भाजपा नेता रिकार्ड जलने की भी आशंका जता रहे हैं।