अलीगढ़ के बन्नादेवी क्षेत्र में 18 लाख रुपये की ठगी और मारपीट के मामले में पीड़ित ने दो भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि युवक को बातचीत के बहाने बुलाकर उसके साथ मारपीट की गई और रुपये मांगने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकाया। 29 जुलाई को हुए इस घटना की रिपोर्ट 25 सितंबर को दर्ज कराई गई है।
बन्नादेवी के सूतमिल बीमा नगर, जीटी रोड निवासी सौरभ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 जुलाई की रात करीब 11 बजे रमीत सिंह उर्फ रवीर जूजा और उसके भाई विवेक जूजा उर्फ हरमीत सिंह ने एक व्यक्ति के जरिए उसे बातचीत के लिए बुलाया। रमीत सिंह के घर से करीब 50 मीटर दूर आम के पेड़ वाले खाली प्लॉट में ले जाया गया। वहां दोनों भाइयों ने उसके साथ धमकी-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि उसे फर्जी स्टॉक एक्सचेंज के कारोबार में फंसाकर 18 लाख रुपये ले लिए गए थे। रकम वापस मांगने पर आरोपी हिसाब करने के बहाने उसे बुलाते थे। तहरीर के मुताबिक मौके पर आरोपियों की मां और पत्नी भी पहुंचीं और धमकाने लगीं। सीओ धनंजय कुमार के मुताबिक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना मैं स्वयं कर रहा हूं। इस बिंदू पर भी जांच की जा रही है कि पीडि़त ने रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी क्यों की।