अलीगढ़ नुमाइश का मुख्य प्रवेश द्वार
- फोटो : फाइल फोटो
वर्ष 2026 में नुमाइश का आयोजन यूपी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए 16 जनवरी से 10 फरवरी तक किया जाएगा। बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इसके अलावा 15 फरवरी को महाशिवरात्रि और 17 फरवरी से शुरू रहे रमजान को भी ध्यान में रखते हुए अवधि को समायोजित किया गया है। दुकानों के किराए में इस बार कोई वृद्धि नहीं होगी।
7 नवंबर को जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक में राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश) के आयोजन की तारीख और अन्य व्यवस्थाओं पर मुहर लगी। तय किया गया कि नुमाइश के बाद कृष्णांजलि नाट्यशाला का नए सिरे से निर्माण होगा।
तकनीकी परीक्षण में नाट्यशाला के जीर्ण-शीर्ण पाए जाने के कारण यह निर्णय लिया गया कि इस बार प्रदर्शनी के सांस्कृतिक कार्यक्रम यहां अंतिम बार आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए आंशिक मरम्मत कराई जाएगी। इस वर्ष दुकानों के किराए में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी। सभी दुकानों का आवंटन नीलामी प्रक्रिया के तहत होगा।
एसपी सिटी मृगांक पाठक के सुझाव पर निर्णय लिया गया कि प्रदर्शनी परिसर में समुचित प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, टूटी दीवारों की ऊंचाई छह फीट से अधिक की जाएगी और पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से युक्त किया जाएगा। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव पुष्कर को दुकानों की मरम्मत, रंगाई-पुताई एवं सफाई कार्य निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम से जुड़े लंबित करों की कंपाउंडिंग कराने और जल एवं गृहकर की धनराशि नियमित रूप से नगर निगम को प्रदान करने का भी निर्णय लिया गया।