650 मीटर लंबा होगा फोरलेन फ्लाईओवर
यह फ्लाईओवर करीब 650 मीटर लंबा होगा। इसे चार लेन का बनाया जा रहा है। छर्रा अड्डा पुल की ओर से धनीपुर मंडी की तरफ जाने वाले मार्ग पर इसका निर्माण हो रहा है। चौराहे के दोनों ओर करीब 325-325 मीटर का हिस्सा तैयार किया जा रहा है। फ्लाईओवर के निर्माण पर लगभग 56.17 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के पास है। जुलाई 2025 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था।
इन रास्तों पर बदलेगा यातायात का गणित
- फ्लाईओवर बनने का सबसे बड़ा फायदा छर्रा अड्डा पुल, एटा चुंगी, धनीपुर मंडी और बौनेर तिराहे की तरफ आने-जाने वाले वाहन चालकों को मिलेगा। इसके चालू होने के बाद लंबी दूरी के वाहनों को चौराहे पर रुकने की जरूरत कम होगी।
- छर्रा अड्डा पुल की ओर से आने वाले वाहन धनीपुर मंडी और बौनेर तिराहे की तरफ फ्लाईओवर के ऊपर से निकल सकेंगे।
- क्वार्सी की तरफ से एटा चुंगी होते हुए कमालपुर और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
- आगरा की ओर से रामघाट रोड और महेशपुर की तरफ जाने वाले वाहन फ्लाईओवर के नीचे से गुजर सकेंगे।
- धनीपुर मंडी में धान के सीजन में लगने वाले जाम का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
फ्लाईओवर के साथ फोरलेन सड़क भी बदलेगी तस्वीर
इस परियोजना का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि छर्रा अड्डा पुल से बौनेर तिराहे तक सड़क चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है। फ्लाईओवर और चौड़ी सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद शहर के इस हिस्से में यातायात का दबाव व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। इससे जीटी रोड और एटा चुंगी बाईपास की तरफ जाने वाले वाहनों को भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।